झारखंड स्थापना दिवस की तैयारियों में जुटा गिरिडीह प्रशासन, 15 नवंबर को आयोजित होगी ‘Run For Cleanliness’ दौड़

0

Last Updated on November 13, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। झारखंड राज्य स्थापना दिवस और वर्तमान सरकार की द्वितीय वर्षगाँठ के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने शुक्रवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) भी इस बैठक से जुड़े। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

तीन स्तरों पर होगी ‘Run For Cleanliness’ दौड़

बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 नवंबर को सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक पूरे जिले में ‘Run For Cleanliness’ का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और #SwachhJharkhandViksitJharkhand के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

  • जिला स्तर: बड़ा चौक से शास्त्री नगर तक लगभग एक किलोमीटर की दौड़ होगी।
  • प्रखंड व पंचायत स्तर: चयनित प्रमुख स्थलों से एक किलोमीटर की दौड़ और विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

17 से 25 नवंबर तक होंगी विविध प्रतियोगिताएं

17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन जैसी रचनात्मक व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी और टीमें 26 एवं 27 नवंबर को राँची के खेलगाँव में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगी, जबकि 28 नवंबर को मुख्य समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

खेलगाँव, राँची में दिखेगी गिरिडीह की झलक

सरकार की दूसरी वर्षगाँठ के मौके पर 26 से 28 नवंबर तक राँची के खेलगाँव में मेला-सह-प्रदर्शनी लगेगी। इसमें गिरिडीह जिले का भी एक विशेष स्टॉल होगा, जहां ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP), ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन डेस्टिनेशन’ और जिले की प्रमुख आर्थिक गतिविधियों व नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।

जनभागीदारी और समन्वय पर जोर

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि यह आयोजन केवल औपचारिकता न रहकर जन-आंदोलन का रूप ले, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिले और जिले की उपलब्धियां सामने आएं। बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed