Last Updated on August 11, 2026 by Gopi Krishna Verma
ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका सुदृढ़ीकरण के साथ पारदर्शी, जवाबदेह एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन पर जोर

गिरिडीह। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों के विस्तार, आजीविका के सुदृढ़ीकरण तथा ग्रामीण विकास कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G RAM G) अधिनियम को लेकर आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में VB-G RAM G अधिनियम के उद्देश्यों, प्रमुख प्रावधानों, कार्यान्वयन की प्रक्रिया तथा विभिन्न स्तरों पर संबंधित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिनियम के प्रावधानों को समझकर जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन करें: उपायुक्त
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि VB-G RAM G ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ ग्रामीण अधोसंरचना एवं विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अधिनियम के प्रावधानों एवं दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर कार्यों की सही योजना, समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण निष्पादन और नियमित अनुश्रवण हो।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यों के चयन एवं क्रियान्वयन में निर्धारित प्रक्रिया का पूर्ण अनुपालन हो तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उपायुक्त ने विशेष रूप से अंतर-विभागीय समन्वय, कार्यों की नियमित समीक्षा, अभिलेखों के उचित संधारण तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लें तथा आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
योजनाओं को धरातल पर उतारने में सामूहिक जिम्मेदारी महत्वपूर्ण: उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी
.उप विकास आयुक्त ने कहा कि VB-G RAM G अधिनियम के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों, तकनीकी कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय एवं स्पष्ट उत्तरदायित्व आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं ग्राम स्तर पर योजनाओं की आवश्यकता का आकलन करते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्यों का चयन किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रहे, बल्कि इसका प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। इसके लिए सभी बीपीओ, एई, जेई एवं संबंधित कर्मी अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा प्रखंड स्तर पर नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए।

पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लिया प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान परियोजना पदाधिकारी द्वारा VB-G RAM G अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों एवं क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। रोजगार एवं आजीविका से संबंधित कार्यों के चयन, क्रियान्वयन, तकनीकी प्रक्रिया, निगरानी, अभिलेख संधारण तथा जवाबदेही से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से जानकारी साझा की गई।
कार्यशाला में सहायक समाहर्ता यश कुमार, परियोजना पदाधिकारी, सभी प्रमुख, सभी बीपीओ, एई, जेई एवं मुखिया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।




