Last Updated on September 17, 2026 by Gopi Krishna Verma
बेंगाबाद थाना क्षेत्र के काशीटांड़ जंगल की है घटना

गिरिडीह। गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत झलकडीहा और ताराजोरी पंचायत की सीमा पर स्थित काशीटांड़ जंगल में गुरुवार को फांसी के फंदे से लटका हुआ एक युवक का शव बरामद किया गया है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटनास्थल पर उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को कुछ ग्रामीण काशीटांड़ जंगल के रास्ते से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर पेड़ से लटक रहे युवक के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा बेंगाबाद थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और आसपास के इलाके का जायजा लेकर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहचान कराने के प्रयास जारी
मामले पर थाना प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के ग्रामीणों और पंचायत क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस फिलहाल हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि युवक जंगल तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।




