Last Updated on June 27, 2026 by Gopi Krishna Verma

नवडीहा। शनिवार को वेव इंटरनेशनल स्कूल, आदर्श नगर, ततकारी, सियाटांड, जमुआ, गिरिडीह में विद्यार्थियों के बीच नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “एंटी ड्रग्स (नशा मुक्त भारत)” विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक डॉ. कृष्ण कुमार सिंह एवं प्राचार्य डॉ. अभिषेक कुमार पाण्डेय द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। यह प्रतियोगिता विद्यालय के शिक्षक श्री टिकेश्वर कुमार प्रजापति एवं अन्य शिक्षकों के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों—कलाम हाउस, रामकृष्ण हाउस, शिवाजी हाउस एवं विवेकानंद हाउस—के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने आकर्षक एवं प्रभावशाली पोस्टरों के माध्यम से नशा मुक्त समाज का संदेश देते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

विद्यालय के निदेशक एवं प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मकता एवं जन-जागरूकता की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ तथा सभी ने मिलकर “नशा मुक्त समाज, स्वस्थ समाज” का संकल्प लिया।




