चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना में शिक्षकों की नियुक्ति, 30 नवंबर से वॉक-इन इंटरव्यू
Last Updated on November 25, 2026 by Gopi Krishna Verma
PGT, TGT, लाइब्रेरियन और कंप्यूटर शिक्षक के पदों पर होगी बहाली, 27,500 रुपये तक मिलेगा मासिक पारिश्रमिक

रोजगार डेस्क। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना (CLW) के अंतर्गत संचालित रेलवे स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके तहत डीवी गर्ल्स स्कूल, डीवी बॉयज स्कूल और सीएचएस (ईएम) में विभिन्न विषयों के शिक्षकों की संविदा आधारित नियुक्ति के लिए वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT), ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (TGT), लाइब्रेरियन और पीआरटी (कंप्यूटर) के पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
पद के अनुसार मिलेगा मासिक पारिश्रमिक
जारी सूचना के अनुसार चयनित शिक्षकों को पद के आधार पर मासिक पारिश्रमिक दिया जाएगा। इसमें PGT शिक्षकों के लिए 27,500 रुपये, TGT और लाइब्रेरियन के लिए 26,250 रुपये तथा PRT (कंप्यूटर) के लिए 21,250 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किए गए हैं।

अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 65 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना अधिसूचना की तिथि के अनुसार होगी। नियुक्ति पूरी तरह संविदा आधारित होगी और अधिकतम 200 कार्य दिवसों तक के लिए की जाएगी।
30 नवंबर और 1 दिसंबर को होगा इंटरव्यू
वॉक-इन इंटरव्यू का आयोजन 30 नवंबर 2026 और 1 दिसंबर 2026 को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया जाएगा। इंटरव्यू का स्थान हिंदी पुस्तकालय, जीएम कार्यालय भवन, चित्तरंजन, जिला पश्चिम बर्दवान, पश्चिम बंगाल निर्धारित किया गया है।

मूल प्रमाण-पत्र लेकर पहुंचना अनिवार्य
इच्छुक अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के समय अपने सभी मूल शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियां भी लेकर पहुंचना होगा। इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या दैनिक भत्ता (TA/DA) नहीं दिया जाएगा।

रेलवे की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी और संविदा आधारित होगी। इससे अभ्यर्थियों को नियमित नियुक्ति का कोई अधिकार प्राप्त नहीं होगा।
वेबसाइट पर उपलब्ध है विस्तृत अधिसूचना
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देश के लिए अभ्यर्थी चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना की आधिकारिक वेबसाइट

www.clw.indianrailways.gov.in पर जा सकते हैं। वेबसाइट पर News & Information के अंतर्गत View → Recruitment सेक्शन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जारी संबंधित अधिसूचना और डाउनलोड लिंक उपलब्ध कराया गया है।
