झारखंड में डेटा बेस एडमिनिस्ट्रेटर के पद पर निकली बहाली, 9 दिसंबर तक करें आवेदन
Last Updated on November 21, 2026 by Gopi Krishna Verma
जेआईआईडीसीओ में संविदा पर होगी नियुक्ति, आईटी सेल को मजबूत करने के लिए मांगे गए आवेदन; 500 रुपये का बैंक ड्राफ्ट देना होगा शुल्क

Job Alerts। झारखंड में नौकरी की तलाश कर रहे योग्य अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JIIDCO) ने डेटा बेस एडमिनिस्ट्रेटर के एक पद पर नियुक्ति के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया है। यह नियुक्ति संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर की जाएगी। निगम की आईटी सेल को मजबूत करने के उद्देश्य से यह बहाली की जा रही है।

जेआईआईडीसीओ की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी भर्ती अधिसूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा। आवेदन का प्रारूप निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.jiidco.co.in से डाउनलोड किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को ए-4 आकार के सादे कागज पर आवेदन तैयार कर उसमें मांगी गई सभी जानकारियां भरनी होंगी।

आवेदन के साथ उम्र, शैक्षणिक योग्यता और कार्य अनुभव से संबंधित प्रमाणपत्रों की प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य है। इसके अलावा आवेदन के साथ 500 रुपये का बैंक ड्राफ्ट भी जमा करना होगा। बैंक ड्राफ्ट JIIDCO के पक्ष में रांची में देय होना चाहिए।

9 दिसंबर शाम 6 बजे तक पहुंचेगा आवेदन
भर्ती के लिए आवेदन स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट या कूरियर के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन निर्धारित पते पर 9 दिसंबर 2026 को शाम 6 बजे तक पहुंच जाना चाहिए।

अभ्यर्थियों को अपना आवेदन झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JIIDCO), पांचवीं मंजिल, उद्योग भवन, रातू रोड, रांची-834001, झारखंड के पते पर भेजना होगा।
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, निर्धारित आवेदन प्रारूप और अन्य शर्तों के लिए अभ्यर्थी निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.jiidco.co.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

नोट: जारी विज्ञापन में पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अनुभव का विस्तृत विवरण नहीं दिया गया है। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन देखना जरूरी है।
