गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा व सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन ने दिया जवाब, जवाबदेही तय करने की उठी मांग
Last Updated on November 25, 2026 by Gopi Krishna Verma
आसनसोल मंडल ने CPGRAMS शिकायत पर दी आधिकारिक जानकारी, नियमित निगरानी और समय पर बदलाव की रखी गई अपेक्षा

गिरिडीह। गिरिडीह रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में राष्ट्रीय ध्वज की स्थिति और देखरेख को लेकर की गई शिकायत पर पूर्व रेलवे प्रशासन, आसनसोल मंडल ने आधिकारिक जवाब दिया है। शिकायतकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने 12 नवंबर 2026 को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर 20 नवंबर 2026 को पत्र संख्या WM/R/CPGRAMS के माध्यम से रेलवे की ओर से जानकारी दी गई।

रेल प्रशासन ने सूचित किया है कि गिरिडीह रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में राष्ट्रीय ध्वज गर्वपूर्वक फहराया गया है, जो एकता, शांति, राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का संदेश देता है। संज्ञान लेने और कार्रवाई के लिए खंडेलवाल ने पूर्व रेलवे तथा आसनसोल मंडल के अधिकारियों के प्रति आभार जताया है।

राष्ट्रीय प्रतीक की गरिमा से समझौता नहीं
खंडेलवाल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की संप्रभुता, स्वतंत्रता, सम्मान, अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। इसकी गरिमा बनाए रखना नागरिकों के साथ-साथ सरकारी संस्थानों और जिम्मेदार पदाधिकारियों का भी संवैधानिक एवं नैतिक दायित्व है।

नियमित निगरानी और समय पर बदलाव की मांग
उन्होंने कहा कि शिकायत का उद्देश्य केवल तात्कालिक स्थिति उठाना नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बनने देना है। उन्होंने अपेक्षा की कि गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर लगे राष्ट्रीय ध्वज की नियमित निगरानी, समुचित रखरखाव और समय-समय पर निरीक्षण की ठोस व्यवस्था की जाए। ध्वज के क्षतिग्रस्त, गंदे या मानकों के अनुरूप न रहने की स्थिति आने से पहले ही कार्रवाई करते हुए नियमानुसार तत्काल बदला जाए।

लापरवाही पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की चेतावनी
खंडेलवाल ने कहा कि यदि भविष्य में गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज पुनः क्षतिग्रस्त, जर्जर या अपमानजनक स्थिति में मिलता है, तो इसे सामान्य प्रशासनिक लापरवाही मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसी स्थिति में जिम्मेदार पदाधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर साक्ष्यों के साथ मामला रेलवे के उच्चाधिकारियों, संबंधित मंत्रालय तथा सक्षम प्राधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज की स्थायी सुरक्षा और व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करना है। उनके अनुसार, शिकायत को केवल निस्तारित मान लेने के बजाय ध्वज के सम्मान और निरंतर रखरखाव की ठोस व्यवस्था बनी रहनी चाहिए।
