Last Updated on May 3, 2023 by dahadindia

गिरिडीह। बुधवार को गिरिडीह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने देवरी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रखंड और अंचल कार्यालय में किए जाने वाले कार्यों की जांच की और पदाधिकारियों/कर्मचारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग विभागों के भंडार पंजी, प्राप्त पत्रों की पंजी, निर्गत पंजी, जन आवेदन पत्रों की पंजी, रोकड़ पंजी, लॉग बुक, अग्रिम पंजी, भू-लगान पंजी, दाखिल खारिज, अकेंक्षण पंजी, नीलम पत्र वाद, प्रधान सहायक का हैंड नोट बुक व भूमि हस्तांतरण, अतिक्रमण, अवैध जमाबंदी, म्यूटेशन, आगत-निर्गत पंजी, नीलाम पत्रवाद, लगान रसीद, मनरेगा व अन्य विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने अंचल में म्यूटेशन के लंबित मामले को जल्द-से-जल्द पूरा करने का निर्देश संबंधित अंचलाधिकारी को दिया।

उन्होंने पदाधिकारियों-कर्मियों की उपस्थिति की भी जांच की। उपस्थिति पंजी की जांच करते हुए सभी को ससमय कार्यालय आकर कार्य निष्पादन का निर्देश दिया। उपायुक्त ने देवरी प्रखंड के घसकरीडीह पंचायत के गरहाताड़ गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल से जल योजना का निरीक्षण कर उक्त योजना के सफल क्रियान्वयन की जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए जिले में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मती कराई जा रही है। ताकि आमजनों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति उपलब्ध हो सकें। इसके अतिरिक्त उन्होंने आम बागवानी का निरीक्षण किया और लाभुकों को पौधों के आसपास घास की सफाई करने का निर्देश दिया। लाभुकों से मुलाकात कर आम बागवानी योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान लोगों ने अपनी शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखी। लोगों की शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने वहां जनता दरबार लगाकर आमजनों की शिकायतों को सुना तथा त्वरित समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।




