JSLPS की अनूठी पहल: ताराटांड़ में ‘पलाश छठ पूजा स्पेशल बाजार’ का शुभारंभ, बांस कला से जुड़ी महिलाओं को मिल रहा बेहतर बाजार और स्वरोजगार
Last Updated on November 14, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (JSLPS) गांडेय के ताराटांड़ संकुल अंतर्गत पंडरी पंचायत के नवाटांड की ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनके उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। इसके तहत ‘मोहाली बांस कला उत्पादक समूह’ का गठन किया गया है। समूह की महिलाओं को आरसेटी (RSETI) गिरिडीह के माध्यम से 13 दिनों का विशेष प्रशिक्षण देकर उनकी कला को निखारा गया है और वित्तीय सहायता प्रदान कर सहयोग किया जा रहा है।

छठ महापर्व के पावन अवसर पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिलाओं के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अहिल्यापुर मोड़, ताराटांड़ बाजार में जेएसएलपीएस द्वारा एक विशेष स्टॉल लगाया गया है। इस स्टॉल पर महिलाओं द्वारा बांस से निर्मित छठ पूजा से जुड़ी विभिन्न सामग्रियों की बिक्री की जा रही है।
श्रमशक्ति का सम्मान और आजीविका में वृद्धि
मौके पर संकुल समन्वयक मोहन पंडित ने बताया कि समूह की महिलाओं को वित्तीय सहयोग, तकनीकी प्रशिक्षण और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

संकुल के एफटीसी (FTC) रामचंद्र चौधरी ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं की श्रमशक्ति का सम्मान करने के उद्देश्य से बांस कला उत्पादक समूह के सदस्यों को ‘पलाश छठ पूजा स्पेशल बाजार’ के माध्यम से सहायता दी जा रही है। इन महिलाओं द्वारा बांस के आकर्षक उत्पादों का निर्माण किया जाता है, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर अच्छी बाजार पहुंच मिल सके और उनके प्रचार-प्रसार के साथ-साथ आजीविका में वृद्धि हो सके। इससे समाज के सामाजिक विकास में भी सकारात्मक योगदान मिल रहा है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना मुख्य उद्देश्य: प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक
प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक संदीप मिंज ने बताया कि समूह की महिलाओं को वित्तीय सहायता के साथ-साथ मांग-आधारित (Demand-based) उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही, उन्हें बांस उत्पादों के निर्माण के लिए जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि महिलाएं घर के कामकाज के साथ-साथ अपनी आजीविका को मजबूत कर आत्मनिर्भर बन सकें। स्थानीय कारीगरों के उत्पादों के लिए ‘पलाश स्पेशल बाजार’ लगने से उन्हें अच्छे खरीदार और बड़ा बाजार मिल रहा है।

इस स्टॉल के उद्घाटन और संचालन के दौरान तुलिया देवी, संजोती देवी, बड़की देवी, संगीता देवी, माया देवी सहित कई ग्रामीण महिलाएं और संकुल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
