गिरिडीह: जमुआ में छठ पूजा पंडाल में काम कर रहे युवक पर तलवार से हमला, माथा फाड़ा और गला घोंटने की कोशिश
Last Updated on November 13, 2026 by Gopi Krishna Verma

जमुआ। झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भगक्तियाडीह गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां छठ पूजा के दौरान टेंट-पंडाल में काम कर रहे 19 वर्षीय एक युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर चार लोगों ने लाठी-डंडों और तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में युवक का माथा फट गया और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या का प्रयास भी किया गया। घटना 12 नवंबर की शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है।

इस मामले में घायल युवक इंद्रजीत रजक के पिता उत्तम रजक ने शुक्रवार को जमुआ थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
अकेला पाकर किया हमला, जातिसूचक गालियां देने का आरोप
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, इंद्रजीत रजक गांव में छठ पर्व को लेकर बनाए जा रहे टेंट-पंडाल में मजदूरी का काम कर रहा था। घटना के वक्त अन्य मजदूर वहां से जा चुके थे और युवक अकेला था। इसी दौरान गांव के ही विजय पांडेय, विनोद पांडेय, प्रमोद पांडेय और संतोष पांडेय हाथों में लाठी-डंडे और धारदार तलवार लेकर वहां पहुंचे।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक को घेर लिया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने लगे।

तलवार से वार और गला घोंटने का प्रयास
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विजय पांडेय ने युवक को जान से खत्म करने के लिए उकसाया। इसके बाद विजय और विनोद ने तलवार से उसके माथे पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद प्रमोद ने गमछे से युवक का गला फंसा दिया और प्रमोद तथा संतोष ने दोनों तरफ से खींचकर उसकी सांसें रोकने यानी गला घोंटने का प्रयास किया।

ग्रामीणों के आने पर बची जान, दी धमकी
युवक की चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, जिसके बाद आरोपियों ने उसे छोड़ा। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने से युवक की जान बच गई। आरोप है कि जाते-जाते मुख्य आरोपी विजय पांडेय ने धमकी दी कि यदि वह दोबारा इलाके में दिखाई दिया, तो उसकी चमड़ी उधड़वा दी जाएगी और जान से मरवा दिया जाएगा।

पुलिस कार्रवाई का इंतजार
घटना के बाद से पीड़ित परिवार डरा हुआ है। घायल युवक के पिता ने जमुआ थाना पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया या प्राथमिकी (FIR) दर्ज होने की पुष्टि नहीं की गई है।
