Last Updated on September 19, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार का दिन हादसों भरा रहा। क्षेत्र में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोरी और महिला समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जीटी रोड पर खड़े ट्रक से भिड़ा तेज रफ्तार ट्रक, चालक की मौत
पहली और सबसे भीषण घटना शुक्रवार रात नेशनल हाईवे पर औंरा स्थित संत पॉल्स हाई स्कूल के समीप जीटी रोड पर हुई। यहाँ सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार दूसरे ट्रक ने जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक अंदर ही बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद राहत-बचाव कार्य के कारण हाईवे के एक लेन पर काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा।

बाइक दुर्घटना में महिला व किशोरी घायल
दूसरी घटना डोरियो पेट्रोल पंप के पास घटी, जहां एक अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से एक महिला और एक किशोरी घायल हो गईं। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
बगोदर-सरिया रोड पर तीन लोग जख्मी
तीसरा हादसा बगोदर-सरिया रोड पर हुआ, जहां एक अन्य सड़क दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की पहचान देवराडीह पंचायत के गम्हरिया गांव निवासी के रूप में की गई है।
सभी हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने के साथ ही मामलों की जांच शुरू कर दी है।




