Last Updated on August 7, 2026 by Gopi Krishna Verma
परिवार के लिए सुविधाजनक मतदान केंद्र का विकल्प, फॉर्म-8 से करें नाम स्थानांतरण हेतु आवेदन

गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 08 एवं 09 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का संचालन प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक किया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के पात्र नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित तिथि को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि विशेष शिविर के दौरान आने वाले नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए फॉर्म भरने एवं संबंधित प्रक्रिया में सहयोग सुनिश्चित करें।

पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से करा सकते हैं नाम दर्ज
विशेष शिविर के दौरान ऐसे पात्र भारतीय नागरिक, जिनकी आयु 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण हो रही है अथवा जो 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं तथा संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने हेतु फॉर्म-6 एवं आवश्यक घोषणा-पत्र भर सकते हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं बीएलओ सक्रिय रूप से कार्य करें।
परिवार के सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने हेतु फॉर्म-8
जिन मतदाताओं अथवा परिवार के सदस्यों का वर्तमान मतदान केंद्र उनके निवास स्थान से दूर है अथवा परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, वे अपने परिवार के सभी सदस्यों का नाम अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
मतदाता फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 की प्रक्रिया ECINET App के माध्यम से ऑनलाइन भी पूरी कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिलेवासियों से अपील की कि वे 08 एवं 09 अगस्त को आयोजित विशेष शिविर का लाभ उठाते हुए अपनी मतदाता सूची संबंधी जानकारी की जांच करें तथा आवश्यकतानुसार नाम जोड़ने, संशोधन अथवा स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि विशेष शिविर के दौरान पारदर्शी एवं सुगम तरीके से नागरिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं तथा प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें।




