Last Updated on August 3, 2026 by Gopi Krishna Verma
सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से करें कार्य: डीडीसी

गिरिडीह। स्वैच्छिक रक्तदान को जनभागीदारी का अभियान बनाकर जरूरतमंदों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से उप विकास आयुक्त, श्रीमती स्मृता कुमारी ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में ब्लड डोनेशन अवेयरनेस एवं मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित कर स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित संस्थाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने कहा कि रक्तदान महादान है और इसके प्रति आमजन में व्यापक जागरूकता उत्पन्न करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए नियमित जागरूकता अभियान चलाए जाएं तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से अधिकाधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रक्त की उपलब्धता, रक्तदान शिविरों के आयोजन, संभावित रक्तदाताओं के पंजीकरण तथा आवश्यक समन्वय की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में रक्तदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए जन जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा रेडक्रॉस सोसाइटी की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन, सोसाइटी के सदस्य तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




