Last Updated on July 30, 2026 by Gopi Krishna Verma
05 अगस्त से शुरू होगी दावा-आपत्ति की प्रक्रिया, 07 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

गिरिडीह। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 30 जून से संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है।
उपायुक्त ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 05 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से जांच लें। यदि कोई पात्र मतदाता किसी कारणवश विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान अपना गणना प्रपत्र नहीं भर सका है, तो वह निर्धारित प्रपत्र-6 एवं घोषणा पत्र भरकर अपने संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएंगे, ताकि नियमानुसार उसकी पात्रता के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करते हुए मतदाता सूची में उसका नाम शामिल किया जा सके।


उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से भी ऐसे पात्र मतदाताओं को जागरूक कर समयबद्ध रूप से आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।उन्होंने बताया कि 05 अगस्त से 04 सितंबर तक प्रारूप मतदाता सूची पर दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन अथवा विलोपन से संबंधित आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वीकार किए जाएंगे। इसके उपरांत 05 अगस्त से 03 अक्टूबर तक प्राप्त दावा एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण एवं निष्पादन किया जाएगा। सभी दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन के पश्चात 07 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा पूर्णतः शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का प्रकाशन करना है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य कर रहे हैं। जिला प्रशासन का सतत प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया से वंचित न रहे।




