Last Updated on June 27, 2026 by Gopi Krishna Verma

जमुआ। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, 2026 के अंतर्गत गणना चरण का शुभारंभ दिनांक 30 जून, 2026 से किया जाना है। इस क्रम में गणना चरण के सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु शनिवार को पूर्वाह्न 10ः30 बजे अनुमण्डल कार्यालय, खोरीमहुआ (गिरिडीह) के कार्यालय कक्ष में एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता समीर रेनियर खलखो (झा.प्र.से.), निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 28-धनवार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-अनुमण्डल पदाधिकारी, खोरीमहुआ द्वारा की गई। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा बी.एल.ए.-1 उपस्थित थे।

बैठक के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण, 2026 की रूपरेखा, उद्देश्य एवं आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही गणना चरण की कार्यप्रणाली, समय-सारिणी, बी.एल.ओ. एवं बी.एल.ए.-2 की भूमिका एवं दायित्व, ASDD सहित विभिन्न सत्यापन प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए जन-जागरूकता सामग्री, जैसे लीफलेट, पोस्टर आदि के प्रभावी उपयोग तथा पात्र नागरिकों का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने, त्रुटियों के निराकरण एवं निर्वाचक नामावली की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने में राजनीतिक दलों की सक्रिय भूमिका पर विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर समीर रेनियर खलखो ने सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने बी.एल.ए.-2 के माध्यम से बूथ स्तर पर बी.एल.ओ. के साथ समन्वय स्थापित करते हुए घर-घर गणना एवं सत्यापन कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।बैठक के अंत में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।
बैठक में जे.एम.एम. के धनवार प्रखण्ड अध्यक्ष निरंजन सिंह, जेएमएम के सफीक अंसारी, मंसूर आलम, जितेन्द्र दास, कांग्रेस के रामाशीष तिवारी, सुदामा राम, भाजपा अरविन्द कुमार साव, राजू पाण्डेय, समेत कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।




