Last Updated on June 16, 2026 by Gopi Krishna Verma
सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष को भेजा पत्र

गिरिडीह। जिले के लाखों रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन से संचालित 14049/14050 गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन सप्ताह में एक दिन के स्थान पर कम-से-कम तीन दिन किए जाने की सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल की मांग संबंधी पत्र पर रेलवे बोर्ड ने संज्ञान लेते हुए मामले को आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित कर दिया है।
रेलवे बोर्ड द्वारा प्रेषित पत्र के अनुसार उक्त मांग पर आवश्यक विचार एवं कार्रवाई के लिए प्रकरण को श्री रत्नेश कुमार झा, कार्यकारी निदेशक, रेलवे बोर्ड, रेल भवन, नई दिल्ली के पास भेजा गया है। इसे गिरिडीह जिले के रेल यात्रियों की मांग को मिली एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक स्वीकृति एवं सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

ज्ञात हो कि गिरिडीह झारखंड के सबसे बड़े एवं सर्वाधिक आबादी वाले जिलों में से एक है। जिले से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, व्यवसाय, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए दिल्ली एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की यात्रा करते हैं। इसके बावजूद न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए प्रत्यक्ष रेल सुविधा के रूप में केवल सप्ताह में एक दिन गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस का संचालन किया जा रहा है, जो क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकता की तुलना में अत्यंत अपर्याप्त है।
प्रस्ताव में यह उल्लेख किया गया है कि यदि इस ट्रेन का परिचालन सप्ताह में तीन दिन कर दिया जाए तो गिरिडीह सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही यात्रियों की संख्या में वृद्धि होने से भारतीय रेल के राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।

रेल यात्रियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रेलवे बोर्ड द्वारा मामले को संबंधित कार्यकारी निदेशक के पास भेजे जाने का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की है कि जनहित, यात्री सुविधा तथा क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
गिरिडीह जिले की लाखों जनता अब रेलवे प्रशासन से अपेक्षा कर रही है कि यात्री भार, मांग एवं जनहित को देखते हुए न्यू गिरिडीह–नई दिल्ली रेल संपर्क को और सशक्त बनाने के लिए गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने की दिशा में शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।




