Last Updated on June 10, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। बिरनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कथित भ्रष्टाचार, अवैध निकासी एवं फर्जी नियुक्ति तथा चिकित्सकों की कमी को लेकर बगोदर विधायक सह सचेतक नागेन्द्र महतो ने बुधवार को जिला उपायुक्त रामनिवास यादव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा, इस दौरान विधायक ने बिरनी स्वास्थ्य केंद्र की विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष विस्तार से रखा तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग किया।

इस बीच विधायक ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र में वित्तीय अनियमितताओं के साथ-साथ फर्जी कर्मियों की नियुक्ति की गई है तथा डॉक्टरों की कमी के कारण आम लोगों को समुचित स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। मुलाकात के दौरान गिरिडीह उपायुक्त ने विधायक को आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य केंद्र में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की जांच कराई जाएगी। साथ ही गलत तरीके से नियुक्ति किए जाने तथा लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों एवं संबंधित कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर सिविल सर्जन गिरिडीह, बिरनी प्रभारी, जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि बिरनी देवनाथ राणा, जिला मंत्री लक्ष्मण दास, मंडल अध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, मंडल अध्यक्ष राजदेव साव, लक्ष्मण सिंह, मुखिया दिलीप दास, रंजीत राय, आजाद तूरी, चंदन बजरंगी, वीरेंद्र साव, आशीष कुमार मोदी, पिंटू विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।




