JAC बोर्ड परीक्षा 2027: 5 फरवरी से शुरू हो सकती है मैट्रिक-इंटर की परीक्षा, 12 नवंबर से भरेंगे फॉर्म!

0

Last Updated on November 4, 2026 by Gopi Krishna Verma

झारखंड के 7.50 लाख छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर; जैक ने परीक्षा की तैयारी तेज की, नवंबर के अंत तक जारी हो सकता है पूरा शेड्यूल

जैक अपडेट। झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी तेज कर दी है। खबर के मुताबिक, मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से शुरू हो सकती हैं। वहीं, परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होने की संभावना है। परीक्षा का पूरा शेड्यूल नवंबर के अंत तक जारी किया जा सकता है।

7.50 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल

आगामी बोर्ड परीक्षा में राज्यभर के करीब 7.50 लाख छात्र-छात्राओं के शामिल होने का अनुमान है। इनमें मैट्रिक के लगभग 4.30 लाख और इंटरमीडिएट के तीनों संकायों को मिलाकर करीब 3.30 लाख परीक्षार्थी शामिल हो सकते हैं। परीक्षा फरवरी के तीसरे सप्ताह तक चलने की संभावना जताई गई है।

12 नवंबर से भरेंगे परीक्षा फॉर्म, जानें कब लगेगा विलंब शुल्क

मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होने की जानकारी सामने आई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन किया जा सकेगा। वहीं, 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने का मौका मिलेगा।

जैक की ओर से स्कूलों और कॉलेजों को आवेदन प्रक्रिया में सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

8वीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षा भी होगी ओएमआर शीट पर

मैट्रिक और इंटर बोर्ड परीक्षा के साथ ही जैक आठवीं, नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा की तैयारी भी कर रहा है। इन कक्षाओं की परीक्षा फरवरी के अंतिम सप्ताह में ओएमआर शीट पर आयोजित किए जाने की संभावना है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारी की जा रही है।

अप्रैल में जारी हो सकता है बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट

जैक की ओर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम अप्रैल 2027 तक जारी करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, आठवीं, नौवीं और 11वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम 31 मार्च 2027 से पहले जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अगले शैक्षणिक सत्र में नामांकन और पढ़ाई शुरू करने में किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है।

ध्यान दें: परीक्षा की तिथि, आवेदन की समय-सीमा और अन्य कार्यक्रमों को लेकर जैक की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही अंतिम पुष्टि होगी। विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने स्कूल-कॉलेज और जैक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपडेट लेते रहें।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *