Last Updated on July 29, 2026 by Gopi Krishna Verma
NGSP शिकायत का त्वरित समाधान: घर पहुंचकर BLO ने पूर्ण कराया गणना प्रपत्र, मतदाता का भरोसा हुआ मजबूत

गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (#SIR2026) के अंतर्गत गिरिडीह जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं को सुगम, पारदर्शी एवं उत्तरदायी निर्वाचन सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किया जा रहा है। अभियान के अंतिम चरण में प्राप्त प्रत्येक शिकायत एवं सुझाव का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 29-बगोदर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता राहुल मोदी ने राष्ट्रीय शिकायत निवारण प्रणाली (NGSP) पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई कि वे वर्तमान में अपने गृह क्षेत्र से बाहर रहते हैं। उनके गणना प्रपत्र को उनके परिजनों द्वारा भर दिया गया था, किंतु उस पर हस्ताक्षर अंकित नहीं हो सके थे। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि उनके माता-पिता को चलने-फिरने में कठिनाई होती है, जिसके कारण प्रपत्र में छूटी हुई औपचारिकता पूरी कराना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा था। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित बूथ स्तर पदाधिकारी (BLO) ने मामले की तत्काल जांच की। जांच में यह पाया गया कि गणना प्रपत्र पूर्व में विधिवत भर लिया गया था, किंतु उस पर हस्ताक्षर अंकित होना शेष था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तथा मतदाता सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए BLO स्वयं संबंधित मतदाता के घर पहुंचीं, आवश्यक हस्ताक्षर प्राप्त कर गणना प्रपत्र की त्रुटि का तत्काल निराकरण किया तथा उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि भी सुनिश्चित कर दी। प्रशासन की इस त्वरित, संवेदनशील एवं उत्तरदायी कार्रवाई से शिकायत का समयबद्ध समाधान हुआ और यह सुनिश्चित किया गया कि संबंधित मतदाता का गणना प्रपत्र बिना किसी त्रुटि के निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण प्रक्रिया में सम्मिलित हो सके। इस पहल से श्री राहुल मोदी एवं उनके परिजनों ने संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि “#SIR2026 अभियान के दौरान प्रत्येक मतदाता हमारे लिए महत्वपूर्ण है। किसी भी पात्र मतदाता को केवल तकनीकी त्रुटि, असुविधा या शारीरिक परेशानी के कारण प्रक्रिया से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी मतदाता को कोई कठिनाई आती है, तो जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ उसके द्वार तक पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करेगा। हमारा लक्ष्य शत-प्रतिशत शुद्ध, समावेशी एवं विश्वसनीय निर्वाचक नामावली तैयार करना है।”

उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि यदि गणना प्रपत्र से संबंधित किसी प्रकार की समस्या हो तो वे बिना संकोच NGSP पोर्टल अथवा संबंधित BLO एवं वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से सूचना दें। जिला प्रशासन प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।




