Last Updated on September 12, 2026 by Gopi Krishna Verma
मरम्मत की मांग को लेकर उच्चाधिकारियों को सौंपा जाएगा आवेदन

गिरिडीह। मोतीलेदा पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बहनती की जर्जर छत इन दिनों बच्चों और शिक्षकों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। विद्यालय भवन की छत की ढलाई कई स्थानों पर टूटकर गिर रही है, जिससे कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है। बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बलदेव सर ने विद्यालय की जर्जर छत की स्थिति से सामाजिक कार्यकर्ता नवीन कुमार उर्फ नवीन राज टाइगर को फोन के माध्यम से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि छत का प्लास्टर और ढलाई लगातार टूटकर गिर रही है। ऐसे में विद्यालय में पढ़ने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता बनी हुई है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद नवीन राज टाइगर ने इसे गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि विद्यालय की जर्जर छत की मरम्मत के लिए आवेदन तैयार कर लिया गया है। एक-दो दिनों के भीतर संबंधित उच्चस्तरीय पदाधिकारियों को आवेदन सौंपकर भवन की तत्काल जांच कराने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय में बड़ी संख्या में बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। ऐसे में किसी संभावित दुर्घटना से पहले जर्जर छत की मरम्मत कराया जाना जरूरी है। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
अब सभी की नजरें संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जर्जर छत की मरम्मत के लिए कब तक ठोस कदम उठाया जाता है।




