जमुआ के नवडीहा पंचायत में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: फरार मुखिया विनोद साव की शक्तियां उपमुखिया को सौंपी गईं
Last Updated on October 31, 2026 by Gopi Krishna Verma
झारखंड पंचायत राज अधिनियम के तहत डीसी रामनिवास यादव ने लिया एक्शन; अब सतीश कुमार निराला संभालेंगे पंचायत की कमान

नवडीहा। जमुआ प्रखंड के नवडीहा पंचायत के ग्रामीणों और विकास कार्यों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। पंचायत के मुखिया विनोद साव के लगातार फरार रहने के कारण ठप पड़े विकास कार्यों को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। उपायुक्त (डीसी) रामनिवास यादव ने आदेश जारी कर उपमुखिया सतीश कुमार निराला उर्फ पप्पू सिन्हा को मुखिया की सभी शक्तियों, कार्यों के निष्पादन और कर्तव्यों के निर्वहन की जिम्मेदारी सौंप दी है।
इस महत्वपूर्ण फैसले के बाद अब पंचायत में अटके पड़े विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

क्यों उठाया गया यह कदम
मुखिया विनोद साव के लंबे समय से फरार रहने के कारण पंचायत के विकास कार्यों पर लग रहे ब्रेक को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। प्रशासन ने यह माना कि मुखिया की अनुपस्थिति से जनहित के कार्य और पंचायत का कामकाज पूरी तरह बाधित हो रहा है।
इसी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए झारखंड पंचायत राज अधिनियम, 2001 की धारा 73(क) के प्रावधानों के तहत यह सख्त प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। रविवार से नवडीहा पंचायत के मुखिया की सभी वित्तीय और प्रशासनिक शक्तियां उपमुखिया के पास आ गई हैं।

बीडीओ की जांच रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई
जिला पंचायत शाखा द्वारा 31 अक्टूबर, 2026 को जारी आदेश (संख्या 1610) के मुताबिक, जमुआ के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने अपने पत्रांक 1156 (दिनांक 21 सितंबर, 2026) के जरिए मुखिया विनोद साव की लगातार अनुपस्थिति की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी थी।
- आपराधिक मामले: मुखिया विनोद साव के विरुद्ध जमुआ थाना कांड संख्या 218/2026 दर्ज है।
- अस्पताल से फरार: गिरफ्तारी के बाद 3 सितंबर 2026 को चिकित्सकीय जांच के क्रम में अस्पताल से फरार होने के मामले में नगर थाना गिरिडीह में भी कांड संख्या 190/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रशासनिक आदेश में इस बात की पुष्टि की गई है कि आरोपी मुखिया लगातार फरार चल रहा है, जिसके कारण पंचायत का सुचारू संचालन असंभव हो गया था।

इन अधिकारियों को भेजी गई आदेश की प्रति
डीसी के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश की आधिकारिक प्रतिलिपि नवनीहा पंचायत के मुखिया, उपमुखिया, जमुआ के प्रखंड विकास पदाधिकारी अमलजी, खोरीमहुआ के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और राज्य के पंचायती राज विभाग को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।
प्रशासन के इस त्वरित और सख्त फैसले से अब उम्मीद जताई जा रही है कि नवडीहा पंचायत में रुकी हुई विकास योजनाएं और आम जनता से जुड़े जरूरी कार्य बिना किसी बाधा के लगातार जारी रहेंगे।
