Last Updated on July 24, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं माननीय परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में निर्धारित तिथियों के अनुसार विशेष ड्राइविंग लाइसेंस अभियान का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना, सड़क सुरक्षा के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना तथा वैध एवं सुरक्षित वाहन संचालन को प्रोत्साहित करना है। इसी क्रम में आज पीरटांड़ प्रखंड में नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) जारी करने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आवेदन प्रक्रिया पूरी की।

शिविर के दौरान कुल 77 आवेदकों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी अभ्यर्थियों की जांच एवं ऑनलाइन परीक्षा संपन्न कराई गई, जिसमें 62 अभ्यर्थी सफल रहे और उन्हें नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) जारी किया गया। वहीं 15 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल नहीं हो सके, जिन्हें निर्धारित नियमों के अनुरूप पुनः अवसर प्रदान किया जाएगा।
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को अपने नजदीक ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा सरल एवं सुलभ रूप से उपलब्ध हो सके। इससे लोगों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा अधिकाधिक वाहन चालक वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं। साथ ही सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन अपनाने का आग्रह किया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।




