Last Updated on July 17, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। शुक्रवार को नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने अपने कार्यालय कक्ष में नगर निगम क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, नियमित एवं प्रभावी बनाने, कचरा संग्रहण की स्थिति, वार्डवार सफाई कार्यों की प्रगति तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उप नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के प्रतिनिधि, आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट के प्रतिनिधि एवं सभी सफाई सर्किल प्रभारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी वार्डों में निर्धारित समय के अनुसार नियमित सफाई कार्य कराया जाए तथा कहीं भी कचरे का अनावश्यक जमाव न होने दिया जाए। उन्होंने प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, प्रमुख मार्गों एवं नालियों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट के प्रतिनिधियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य निष्पादित करने, सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने तथा कार्यों की नियमित प्रगति से नगर निगम को अवगत कराने को कहा। वहीं सभी सफाई सर्किल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण करने, सफाई कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि स्वच्छता व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा वार्डवार सफाई कार्यों का सतत मूल्यांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकें।
मौके पर उप नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, लेखा पदाधिकारी, नगर प्रबंधक सहित नगर निगम के अधिकारी साबिर अंसारी, निशांत वर्मा, सेवा महतो, दिलीप हाड़ी, अशोक हाड़ी, रवि कुमार वर्मा, नवीन कुमार सिंह, गौरी शंकर यादव सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।




