Last Updated on September 1, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर गिरिडीह शाखा कार्यालय में दीप प्रज्वलित कर बीमा सप्ताह कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश कुमार उपाध्याय ने किया।
समारोह की शुरुआत वरीय शाखा प्रबंधक एस. एन. भर्तृवर, बीमा कर्मचारी संघ के सचिव धर्म प्रकाश, विकास अधिकारी मनोज कुमार, कुमकुम वाला वर्मा, सबा परवीन, अंशु कुमारी सिंघानिया एवं अभिकर्ता उमाकांत वाजपेई द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान वरिष्ठ कर्मचारी संजय शर्मा को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

70 वर्षों में विश्वास और आर्थिक सुरक्षा का बरगद बना LIC
कार्यक्रम के पश्चात अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ (गिरिडीह शाखा) द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंडलीय संयुक्त सचिव धर्म प्रकाश ने कहा कि 1 सितंबर 1956 को रोपा गया यह छोटा सा पौधा आज देश के वित्तीय क्षेत्र में विशाल बरगद का रूप ले चुका है। LIC का 70 वर्षों का यह सफर विश्वास, सेवा और आर्थिक सुरक्षा की एक बेमिसाल मिसाल है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में निगम की कुल संपत्ति ₹59 लाख करोड़ से अधिक हो चुकी है। देश के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए किए गए ₹55 लाख करोड़ के कुल निवेश में से ₹40 लाख करोड़ केंद्र व राज्य सरकारों की प्रतिभूतियों, सिंचाई, आवास, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में लगाए गए हैं। LIC ने पिछले 70 सालों में भारत सरकार को लाभांश के रूप में ₹51,000 करोड़ से अधिक का योगदान दिया है, जिसमें अकेले वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ₹12,207 करोड़ का लाभांश शामिल है।

मार्केट शेयर में LIC का दबदबा बरकरार
वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रथम प्रीमियम आय में LIC का मार्केट शेयर 56.66% और नव व्यवसाय पॉलिसी में 65.16% रहा। निगम की कुल आय 12.42% की वृद्धि के साथ ₹9,72,914 करोड़ पर पहुंच गई है, जो LIC को बीमा क्षेत्र में केवल मार्केट लीडर ही नहीं बल्कि ‘मार्केट मेकर’ के रूप में स्थापित करती है।
उत्तम ग्राहक सेवा देने का संकल्प
प्रेस वार्ता में IRDA द्वारा बीमा वितरण में किए जा रहे बदलावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि LIC की 98.42% पॉलिसियां एजेंटों के माध्यम से होती हैं, ऐसे में यह बदलाव चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं। आज के प्रतिस्पर्धी माहौल में LIC के भरोसे को बनाए रखने के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, विकास अधिकारियों और अभिकर्ताओं को एकजुट होकर बेहतर ग्राहक सेवा देने की आवश्यकता है।
इस प्रेस वार्ता में मंडलीय संगठनात्मक सचिव अनुराग मुर्मू, शाखा अध्यक्ष संजय शर्मा और संयुक्त सचिव विजय कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे।




