इंस्टाग्राम पर कमेंट से शुरू हुआ विवाद, महिला ने मारपीट और धमकी का लगाया आरोप
Last Updated on October 29, 2026 by Gopi Krishna Verma
बेंगाबाद में सोशल मीडिया विवाद ने पकड़ा तूल, पीड़िता ने थाने में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की लगाई गुहार

गिरिडीह। सोशल मीडिया पर एक रील को लेकर किया गया कमेंट दो महिलाओं के बीच विवाद का कारण बन गया। मामला बेंगाबाद थाना क्षेत्र के छछंदे गांव का बताया जा रहा है। विवाद के बाद एक महिला ने दूसरी महिला पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता अंजिला प्रवीण ने इस संबंध में थाना में आवेदन देकर पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, उनके पति मो. इमरान बाहर काम करते हैं। वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ गांव में रहती हैं और इंस्टाग्राम पर रील बनाती हैं। आरोप है कि अक्टूबर में घर आए एक कबूतर को लेकर उन्होंने रील बनाई थी। इसी रील पर गांव की शामा प्रवीण ने कथित तौर पर दूसरी आईडी से कमेंट किया। कमेंट को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान शामा प्रवीण पीड़िता के घर पहुंची और गाली-गलौज करने लगी। इसके बाद पीड़िता भी उनके घर के पास पहुंची, जहां दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि शामा प्रवीण छत पर चढ़कर गाली-गलौज करने लगी और पीड़िता को मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि शामा के पति मो. नसीम उनके घर पहुंचे और दरवाजे पर लात मारने के साथ जान से मारने की धमकी दी। आवेदन में पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की बात कही गई है।
पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
