Last Updated on September 1, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव ने शहर की बदहाल व्यवस्था और जलजमाव को लेकर राज्य सरकार तथा नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण पटेल नगर, सिरसिया, सिहोडीह, झिंझरी मोहल्ला, बड़ा चौक, पचंबा, बरमसिया, शीतलपुर, महलीचुंआ, महथाडीह और अलकापुरी समेत कई इलाकों में सड़कें बदहाल हैं और नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं। इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

सुरेश साव ने कहा कि बरसात से पहले नालियों की सफाई और जल निकासी का समुचित प्रबंध करना नगर निगम व स्थानीय जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी थी। लेकिन समय रहते कोई तैयारी नहीं किए जाने के कारण आज आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और जाम नालियों के कारण बारिश का पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस रहा है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है और बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा बन गया है।
स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें
भाजपा नेता ने कहा कि जलजमाव की वजह से राहगीरों और खासकर स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “एक तरफ सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ बच्चों को स्कूल जाने के लिए सुरक्षित रास्ता तक उपलब्ध नहीं है। न सड़क है, न सुविधा और न ही व्यवस्था, फिर यह सरकार किस विकास की बात करती है?”
गृह जिले की बदहाली पर उठाए सवाल
सुरेश साव ने तंज कसते हुए कहा कि गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक सह झारखंड सरकार के मंत्री, मेयर और डिप्टी मेयर के पद पर विराजमान हैं। जब नगर विकास मंत्री के गृह जिले और गृह क्षेत्र का यह हाल है, तो पूरे प्रदेश की स्थिति की कल्पना आसानी से की जा सकती है।

त्वरित राहत की मांग, दी आंदोलन की चेतावनी
भाजपा नेता ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि:
- प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था की जाए।
- जाम नालियों की युद्धस्तर पर सफाई कराई जाए।
- जर्जर एवं गड्ढों से भरी सड़कों की शीघ्र मरम्मत हो।
- जिन घरों में पानी घुसा है, वहां प्रशासनिक टीम भेजकर प्रभावितों को तुरंत राहत उपलब्ध कराई जाए।
सुरेश साव ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जनसमस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया, तो भारतीय जनता पार्टी आम जनता के साथ सड़कों पर उतरकर जोरदार आंदोलन करने को बाध्य होगी।




