Last Updated on October 8, 2026 by Gopi Krishna Verma
लंबे समय से फरार चल रहे अप्राथमिकी अभियुक्त सौरभ पांडेय को आत्मसमर्पण करने की दी गई चेतावनी, वरना होगी कुर्की

गिरिडीह। JPSC और JSSC धांधली मामले में CID ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। CID की टीम ने बुधवार को स्थानीय पुलिस के सहयोग से मामले के मास्टरमाइंड अभय तिवारी के साले सौरभ कुमार उर्फ सौरभ पांडेय के गिरिडीह स्थित बेंगाबाद के हाथबोर गांव में उसके पैतृक आवास पर इश्तेहार चिपकाया है। टीम ने सौरभ को जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है।
यह पूरी कार्रवाई CID थाना रांची के केस नंबर 16/26 के तहत की गई है। इस मामले में सौरभ कुमार अप्राथमिकी अभियुक्त है और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है।

अभय तिवारी की गिरफ्तारी के बाद गिरिडीह से जुड़े तार
JPSC-JSSC धांधली में अभय तिवारी की गिरफ्तारी के बाद से ही इस केस के तार बेंगाबाद इलाके से जुड़ गए थे। इसके बाद से CID की टीम क्षेत्र में लगातार सक्रिय है और जांच आगे बढ़ा रही है।
इसी दौरान CID ने अभय तिवारी के ससुर विकास पांडेय को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। जांच के आधार पर CID पहले ही अभय तिवारी की पत्नी को गिरफ्तार कर चुकी है। अब केस में नाम सामने आने के बाद से फरार चल रहे उसके साले सौरभ कुमार पर भी CID ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।




