झारखंड में कक्षा 1 से 8 तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षा का शेड्यूल जारी, 14 दिसंबर से शुरू होगा मूल्यांकन
Last Updated on November 19, 2026 by Gopi Krishna Verma
तीन दिनों तक चलेगी परीक्षा, दो पालियों में होगा आयोजन; कक्षा 1 और 2 के बच्चों की मौखिक परीक्षा, जबकि कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों को लिखित प्रश्नों का देना होगा जवाब

JCERT। झारखंड के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जेसीईआरटी), रांची ने परीक्षा का कार्यक्रम और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 14 दिसंबर से शुरू होकर 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

परिषद की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि विभागीय संकल्प संख्या 356, दिनांक 16 मार्च 2024 के आलोक में यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसके तहत सभी जिलों के जिला शिक्षा अधीक्षक सह अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

सुबह 9:30 से दोपहर 3 बजे तक चलेगी परीक्षा
परीक्षा की पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित की गई है। वहीं दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 3 बजे तक चलेगी। 14 दिसंबर को पहली पाली में सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों की अंग्रेजी की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए बांग्ला, ओड़िया एवं अन्य जनजातीय भाषा तथा कक्षा 6 से 8 तक के लिए सामाजिक विज्ञान विषय निर्धारित है।

15 दिसंबर को पहली पाली में कक्षा 1 से 5 तक हिंदी और उर्दू तथा कक्षा 6 से 8 तक हिंदी विषय की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों की विज्ञान की परीक्षा होगी।
16 दिसंबर को पहली पाली में सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों की गणित की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में कक्षा 3 से 5 तक पर्यावरण अध्ययन तथा कक्षा 6 से 8 तक संस्कृत, उर्दू, बांग्ला, ओड़िया एवं अन्य जनजातीय भाषा की परीक्षा होगी।
कक्षा 1 और 2 की परीक्षा होगी मौखिक
जारी दिशा-निर्देश में परीक्षा के स्वरूप को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है। कक्षा 1 एवं 2 में नामांकित विद्यार्थियों की परीक्षा मौखिक होगी। वहीं कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए प्रश्न वस्तुनिष्ठ, अति लघुउत्तरीय, लघुउत्तरीय और दीर्घउत्तरीय प्रकार के होंगे।

परीक्षा मुद्रित प्रश्नपत्र-सह-उत्तरपुस्तिका, प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिका के माध्यम से आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों को निर्धारित स्थान पर उत्तर लिखना होगा। परीक्षा का समय पूरा होने के बाद शिक्षक विद्यार्थियों से प्रश्नपत्र-सह-उत्तरपुस्तिका और उत्तर पुस्तिका जमा लेंगे।
इन विद्यालयों में होगा परीक्षा का आयोजन
जेसीईआरटी के निर्देश के अनुसार परीक्षा सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में आयोजित होगी। इसमें अल्पसंख्यक एवं प्लस टू आवासीय विद्यालयों सहित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और मॉडल विद्यालय भी शामिल हैं।

निर्देश में कक्षा 3 से 5 तक प्रत्येक विषय के लिए 60-60 अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं कक्षा 6 से 8 तक प्रत्येक विषय के लिए भी 60-60 अंक निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद अब विद्यालयों में विद्यार्थियों की तैयारी और परीक्षा आयोजन को लेकर गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।
