गिरिडीह की रेल समस्याओं पर DRM के साथ अहम बैठक: अन्नपूर्णा देवी के प्रतिनिधि ने रखीं 10 बड़ी मांगें, वंदे भारत और MEMU ट्रेन की भी उठी आवाज
Last Updated on November 19, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले की रेल कनेक्टिविटी सुधारने और यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं दिलाने के उद्देश्य से आसनसोल रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी के प्रतिनिधि के रूप में शामिल होकर गिरिडीह की जनता से जुड़ी कई अहम मांगें प्रमुखता से रखी गईं।

बैठक के दौरान प्रतिनिधि ने स्पष्ट किया कि ये मांगें केवल रेलवे की सुविधाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं से सीधे जुड़ी हैं। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि इन मांगों को महज आश्वासन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इनके समाधान के लिए ठोस और समयबद्ध कदम उठाए जाएं।

बैठक में रखी गईं 10 प्रमुख मांगें
- महेशमुंडा में जलजमाव से मुक्ति और FOB: महेशमुंडा स्टेशन के अंडरब्रिज में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान और यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज (FOB) के शीघ्र निर्माण की मांग की गई।
- सिजुआ हॉल्ट का निर्माण: पूर्व से स्वीकृत सिजुआ रेलवे हॉल्ट का काम जल्द पूरा कराने पर जोर दिया गया, ताकि ग्रामीणों को रेल सेवा का सीधा लाभ मिल सके।

- झारियागादी में ROB या अंडरब्रिज: गिरिडीह स्टेशन के पास झारियागादी में मालगाड़ियों के लंबे समय तक खड़े रहने से होने वाली आवागमन की परेशानी दूर करने के लिए रेल ओवरब्रिज या अंडरब्रिज बनाने की मांग रखी गई।
- गिरिडीह-मधुपुर पैसेंजर का समयबद्ध परिचालन: ट्रेन का समय तय करने की मांग की गई, ताकि यात्रियों की आगे की कनेक्टिंग ट्रेन न छूटे।
- कोडरमा-महेशमुंडा मॉर्निंग पैसेंजर का विस्तार: इस ट्रेन को मधुपुर तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे गिरिडीह और आसपास के यात्रियों को बेहतर संपर्क मिल सके।
- हावड़ा-खातीपुरा (जयपुर) पूजा स्पेशल (03007/03008): इसे स्थायी दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाने की मांग की गई।

- हटिया-रांची एक्सप्रेस में कोच बढ़ोतरी: इलाज के लिए रांची जाने वाले मरीजों और यात्रियों की सुविधा के लिए स्लीपर व एसी कोच बढ़ाने तथा नियमित टिकट जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
- सलैया और महेशमुंडा में ट्रेन ठहराव: आसनसोल-रांची/हटिया एक्सप्रेस का ठहराव सलैया और महेशमुंडा में देने की मांग रखी गई। विशेष रूप से सलैया में ठहराव को विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए बेहद जरूरी बताया गया।
- गिरिडीह-देवघर के बीच नई MEMU ट्रेन: दोनों क्षेत्रों के बीच बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सुबह और शाम दो बार नई MEMU ट्रेन चलाने की मांग की गई।
- हावड़ा-पटना वंदे भारत का मधुपुर में ठहराव: वंदे भारत एक्सप्रेस को मधुपुर स्टेशन पर रोकने की मांग की गई, जिससे मधुपुर के साथ-साथ गिरिडीह के यात्रियों को भी बड़ी सहूलियत मिल सके।

“सिर्फ ट्रेनों की संख्या नहीं, क्षेत्र के विकास को गति देना लक्ष्य”
बैठक के बाद प्रतिनिधि ने कहा कि गिरिडीह की रेल सुविधाओं को मजबूत करना और आम जनता की समस्याओं को दूर करना प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन मांगों को धरातल पर उतारने और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
