गिरिडीह: 89 साल से बंद तिजोरी का खुलेगा राज! सर जेसी बोस के ऐतिहासिक आवास पर हाईकोर्ट सख्त, सचिव-डीसी से मांगा जवाब
Last Updated on November 19, 2026 by Gopi Krishna Verma
मीडिया रिपोर्ट पर झारखंड हाईकोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान, मामले को जनहित याचिका के रूप में दर्ज करने का निर्देश

रांची/गिरिडीह। महान वैज्ञानिक सर जगदीश चंद्र बोस के गिरिडीह स्थित ऐतिहासिक आवास और 89 वर्षों से बंद पड़ी लोहे की तिजोरी का मामला अब झारखंड हाईकोर्ट पहुंच गया है। ऐतिहासिक धरोहर की बदहाल स्थिति और तिजोरी में रखे संभावित महत्वपूर्ण दस्तावेजों को लेकर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। अदालत ने इस मामले को जनहित याचिका के रूप में दर्ज करने का निर्देश देते हुए राज्य सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव और गिरिडीह के उपायुक्त को प्रतिवादी बनाया है। दोनों से शपथपत्र के माध्यम से जवाब दाखिल करने को कहा गया है।

मीडिया रिपोर्ट पर हाईकोर्ट की पहल
बुधवार को जस्टिस संजय कुमार मुखोपाध्याय और जस्टिस राम शर्मा की खंडपीठ ने मीडिया रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए यह महत्वपूर्ण आदेश दिया। अदालत ने मामले की गंभीरता और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इसे स्वत: संज्ञान वाली जनहित याचिका के रूप में दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही मामले को मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखने को भी कहा गया है।

तिजोरी में क्या है, 89 साल से बना है रहस्य
अदालत ने अपने आदेश में कहा है कि बंद तिजोरी में महान वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस के शोध कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज हो सकते हैं। ये दस्तावेज वैज्ञानिक समुदाय के साथ-साथ पूरी मानवता के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। ऐसे में तिजोरी में मौजूद संभावित ऐतिहासिक और वैज्ञानिक धरोहर के संरक्षण की जरूरत है।

शांति भवन में हुआ था वैज्ञानिक का निधन
प्रसिद्ध वैज्ञानिक सर जगदीश चंद्र बोस का निधन 23 नवंबर 1937 को गिरिडीह स्थित उनके आवास शांति भवन में हुआ था। यह ऐतिहासिक भवन वर्तमान में सर जेसी बोस स्मारकालय के नाम से जाना जाता है। निधन के 89 साल बाद भी वहां रखी लोहे की तिजोरी नहीं खोली गई है। इसके अंदर वैज्ञानिक के शोध और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज होने की संभावना जताई जा रही है।

संग्रहालय की बदहाल स्थिति पर भी चिंता
हाईकोर्ट ने केवल बंद तिजोरी ही नहीं, बल्कि सर जेसी बोस स्मारकालय की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई है। अदालत ने कहा कि झारखंड के कई अन्य ऐतिहासिक स्थलों की तरह यह संग्रहालय भी जर्जर स्थिति में है। ऐसे ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए ठोस योजना बनाने की आवश्यकता है।

पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ा मामला
अदालत ने वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग को ऐतिहासिक और वैज्ञानिक धरोहरों की पहचान कर उनके संरक्षण एवं जीर्णोद्धार के लिए दीर्घकालीन योजना बनानी चाहिए। सर जेसी बोस का गिरिडीह से जुड़ाव राज्य के लिए ऐतिहासिक और वैज्ञानिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में स्मारकालय की स्थिति में सुधार और वहां मौजूद संभावित धरोहरों का संरक्षण आवश्यक है।
अब इस मामले में राज्य सरकार और गिरिडीह जिला प्रशासन के जवाब पर नजर रहेगी।
