Last Updated on October 10, 2026 by Gopi Krishna Verma
एक लाख रुपये नकद समेत करीब 3 लाख की संपत्ति की चोरी, परिवार सदमे में

गिरिडीह। गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र स्थित पलमरुआ में बीती शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए रितेश मिष्ठान भंडार के संचालक के घर को निशाना बनाया। चोरों ने मकान व होटल के ग्रिल गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखे बक्से को खंगाल डाला।
नकदी, सोने-चांदी के जेवर और सामान ले भागे चोर
भुक्तभोगी दुलारी देवी (पति स्वर्गीय बासुदेव पंडित) ने बताया कि शुक्रवार रात होटल के ग्रिल गेट में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर ताला तोड़कर भीतर घुसे और बक्से में रखे करीब ₹1 लाख नकद तथा लगभग ₹2 लाख मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े।

चोरी गए आभूषणों में पायल, कानबाली, मंगटीका समेत अन्य जेवर शामिल हैं। इसके अलावा चोर साड़ियां, अन्य कीमती सामान और होटल में रखा एक छोटा बक्सा भी अपने साथ ले गए।
पति के निधन के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पीड़ित दुलारी देवी के पति का पूर्व में निधन हो चुका है और परिवार पहले से ही आर्थिक व मानसिक रूप से मुश्किल दौर से गुजर रहा था। ऐसे में इस भीषण चोरी के बाद पीड़ित परिवार पूरी तरह सदमे में है और दुलारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों का जमावड़ा लग गया। स्थानीय ग्रामीणों में इस वारदात के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है और क्षेत्र में चोरी की इस घटना की काफी चर्चा हो रही है।




