Last Updated on September 1, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। राधा स्वामी संगठन के झारखंड प्रभारी मुकेश सिन्हा को मंगलवार को पचंबा थाना पुलिस ने उनके आवास से हिरासत में ले लिया। मुकेश सिन्हा पर राधा स्वामी योजना के नाम पर प्रदेश भर के हजारों लाभुकों से करोड़ों रुपये ठगने और बाद में फरार हो जाने का गंभीर आरोप है। पुलिस पिछले कई महीनों से उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
गिरफ्तारी की ख़बर फैसले ही बड़ी संख्या में जुटे लाभुक
मुकेश सिन्हा की हिरासत की खबर जैसे ही फैली, पचंबा थाने के बाहर भारी संख्या में पीड़िता लाभुक जुटने लगे। अपनी गाढ़ी कमाई और जमा राशि वापस पाने की आस में पहुंचे लोगों ने थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। लाभुकों की भीड़ और उनके भारी विरोध प्रदर्शन के कारण थाना परिसर में काफी देर तक माहौल गर्म और तनावपूर्ण बना रहा। उपस्थित लोग अपनी फंसी हुई राशि की जल्द से जल्द वापसी और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
लोगों को झांसें में लेकर की थी बड़ी ठगी
पीड़ितों का आरोप है कि संगठन ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का झांसा देकर उनसे मोटी रकम जमा करवाई थी, जिसके बाद आरोपी अचानक गायब हो गया।
पुलिस कर रही आरोपी से पूछताछ
फिलहाल पचंबा थाना पुलिस आरोपी मुकेश सिन्हा को हिरासत में रखकर गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की तकनीकी और वित्तीय जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही ठगी की कुल वास्तविक राशि, प्रभावित लाभुकों की सटीक संख्या और इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी।




