गिरिडीह: दस किलो गांजा के साथ चार गिरफ्तार
Last Updated on April 24, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए गिरिडीह पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर पचंबा थाना क्षेत्र के मथाडीह में छापेमारी कर कुल 10.10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजन कर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर विमल कुमार ने बताया कि 23 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति गांजा की खरीद-बिक्री के लिए मथाडीह पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक मु०-02 कौसर अली के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान सड़क किनारे संदिग्ध स्थिति में मौजूद दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान शिव शंकर साव (45 वर्ष) और हरि शंकर राम (39 वर्ष), दोनों निवासी कृष्णानगर, पचंबा थाना क्षेत्र के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से पांच बंडलों में करीब 5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

आगे की पूछताछ में दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने महेंद्र यादव (48 वर्ष) और कमलेश कुमार सिंह (27 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया। इनके पास से भी करीब 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 10.10 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।इस संबंध में पचंबा थाना कांड संख्या 38/26, दिनांक 23.04.2026 के तहत NDPS Act 1985 की धारा 20/22/29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक कौसर अली, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
