Last Updated on October 1, 2026 by Gopi Krishna Verma
विवाद के बाद घर में घुसकर वारदात, भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ा; दोनों घायल अस्पताल में भर्ती

गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बाभनटोली स्थित काली बाबू हाता में गुरुवार को व्यवसायी के घर में घुसकर उसकी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। हमले में संजय सीमेंट हाउस के संचालक संजय बरनवाल की पत्नी नीति बरनवाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

बताया गया कि व्यवसायी के साथ विवाद के बाद एक युवक ने घर में घुसकर नीति बरनवाल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से भागने लगा। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इससे युवक भी घायल हो गया।
सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे विवाद की वजह क्या थी और हमला किस परिस्थिति में हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।




