Last Updated on June 19, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। शहर के शिव मोहल्ला निवासी एक युवक की रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक तौर पर शव की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके कारण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय देवाशीष कंधवे घर से दुकान जाने की बात कहकर निकले थे; लेकिन देर तक वापस नहीं लौटे। इसी बीच गरहाटांड़ क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर एक युवक के ट्रेन से कट जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पास से मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान शिव मोहल्ला निवासी देवाशीष कंधवे के रूप में की गई।

पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पूरे मोहल्ले में इस घटना को लेकर शोक का माहौल है।




