Last Updated on July 25, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। आसनसोल सियालदह एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12384) का विस्तार गिरिडीह तक किए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय बुद्धिजीवियों के आग्रह पर रालोजपा के प्रदेश अध्यक्ष राज कुमार राज ने इस संबंध में पूर्व रेलवे, कोलकाता के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक (पीसी ओएम )से दूरभाष पर विस्तृत वार्ता की।
वार्ता के दौरान श्री राज ने गिरिडीह के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही इस महत्वपूर्ण मांग से पीसीओएम को अवगत कराया गया। उन्होंने मामले पर गंभीरता से विचार करने तथा प्रस्ताव का परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। इस पहल से जुड़े प्रतिनिधि ने बताया कि गिरिडीह के लोगों को कोलकाता आने-जाने में बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही कोलकाता जाकर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी और ट्रेन के गिरिडीह तक विस्तार के लिए सार्थक एवं प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि आसनसोल सियालदह एक्सप्रेस का विस्तार गिरिडीह तक होता है, तो जिले के हजारों यात्रियों, छात्रों, व्यवसायियों और नौकरीपेशा लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, इससे गिरिडीह की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।




