Last Updated on October 11, 2026 by Gopi Krishna Verma
एसपी डॉ. बिमल कुमार का बड़ा एक्शन, बेंगाबाद थाने में पदस्थापित पुलिसकर्मियों की करतूत उजागर; महकमे में मचा हड़कंप

गिरिडीह। बालू के अवैध कारोबार और भ्रष्टाचार के खिलाफ गिरिडीह पुलिस कप्तान डॉ. बिमल कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़कर अवैध लेन-देन के एवज में उसे छोड़ने के गंभीर आरोप में बेंगाबाद थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर (एसआई) रणधीर सिंह और आरक्षी अजीत कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसपी की इस गाज से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मुखिया की शिकायत पर हुई जांच, खुली पोल
पूरा मामला मधवाडीह पंचायत से जुड़ा है। पंचायत के मुखिया मो. सिद्दीक अंसारी ने बालू लदे ट्रैक्टर को अवैध रूप से लेन-देन कर छोड़ने की शिकायत एसपी डॉ. बिमल कुमार से लिखित रूप में की थी। मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव को निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी सौंपी।
एसडीपीओ की जांच में ‘अवैध वसूली’ का सच आया सामने
एसडीपीओ जीतवाहन उरांव द्वारा की गई जांच में शिकायत पूरी तरह सत्य पाई गई। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि एसआई रणधीर सिंह और आरक्षी अजीत कुमार ने बालू से लदे ट्रैक्टर को तो पकड़ा, लेकिन इसकी सूचना अपने वरीय अधिकारियों को देने और कानूनी कार्रवाई करने के बजाय लेन-देन कर उसे छोड़ दिया। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में इसे गंभीर कर्तव्यहीनता और भ्रष्टाचार माना।

एसपी ने जारी किया आदेश, मुखिया ने जताया आभार
एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट मिलते ही एसपी डॉ. बिमल कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। एसपी की इस त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई पर मधवाडीह पंचायत के मुखिया मो. सिद्दीक अंसारी ने उनका आभार व्यक्त किया है।
पुलिस महकमे के भीतर से ही भ्रष्टाचार पर एसपी की इस सर्जिकल स्ट्राइक ने यह साफ संदेश दे दिया है कि खाकी की आड़ में अवैध कमाई करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




