Last Updated on October 11, 2026 by Gopi Krishna Verma
बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा मोड़ के पास शनिवार रात हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना; अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

गिरिडीह। बगोदर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित घाघरा मोड़ के पास शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।
मृतक की पहचान और दुर्घटना का विवरण
मृतक की पहचान बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला पंचायत निवासी विनोद सिंह के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद सिंह अपनी बाइक पर सवार होकर बगोदर से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान घाघरा मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

पुलिस और स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय निवासी राजेंद्र रजक की नजर घायल युवक पर पड़ी, जिन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत बगोदर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते नहीं उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतक के परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।




