Last Updated on June 5, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत सोनबाद पंचायत के सहरपुरा गांव में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को ड्राइंग प्रतियोगिता, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं पौधारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं ग्रामीणों के बीच पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा जल-जंगल-जमीन बचाने के प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम में गांव के लगभग 100 से अधिक ग्रामीणों की उपस्थिति रही, वहीं करीब 50 बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने पर्यावरण, हरियाली एवं स्वच्छता विषय पर आकर्षक चित्र बनाकर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के बौद्धिक विकास एवं जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।इसके साथ ही गांव में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संदेश दिया।

ड्राइंग प्रतियोगिता में आशीष चौड़े ने प्रथम, पूजा सोरेन ने द्वितीय एवं सूरज सोरेन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में शिवानी टुडू ने प्रथम, पार्वती चौड़े ने द्वितीय तथा माही चौड़े ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से वार्ड प्रतिनिधि महालाल सोरेन, सोनवाद पंचायत के मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में गांव के अजय चौड़े का विशेष योगदान रहा। वहीं आयोजन में करण कुमार, प्रिंस कुमार एवं श्वेता सुमन सहित कई लोगों ने सक्रिय सहयोग किया।

कार्यक्रम के आयोजक एवं अभिव्यक्ति फाउंडेशन के समता फेलो नवीन कुमार उर्फ नवीन राज टाइगर ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिवस मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हर व्यक्ति को जल, जंगल और जमीन बचाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बच्चों को प्रकृति संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से बच्चों में जागरूकता बढ़ती है और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश जाता है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




