सन्दिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, ग्रामीणों का आरोप कथित प्रेम प्रसंग में अड़ंगा बनी पत्नी को पति ने ही रास्ते से हटाया

0

Last Updated on June 14, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। भरकट्टा ओपी क्षेत्र के ग्राम सिरमाडीह में संदिग्ध अवस्था में एक महिला की मौत की खबर सामने आ रही है। महिला की पहचान इसी गांव निवासी 55 वर्षीय कुलसी देवी पति दौलत साव के रूप में की गई है। मौत के बाद पूरा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि महिला पिछले करीब पांच वर्षों से लकवा से पीड़ित थी और उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी। वहीं घटना के बाद परिवार से जुड़े कई आरोप सामने आ रहे हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, कुलसी देवी के पति दौलत साव और उनकी छोटी बहू के बीच कथित प्रेम प्रसंग को लेकर लंबे समय से परिवार में विवाद चल रहा था। इस मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हो सका। गांव में इस संबंध को लेकर लंबे समय से चर्चा होती रही है। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि दौलत साव अपनी पत्नी के साथ अक्सर मारपीट किया करता था। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि उन्हें समय पर भोजन तक नहीं दिया जाता था, जिससे उनकी स्थिति और खराब होती चली गई।

हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। दौलत साव के तीन बेटे हैं और सभी की शादी हो चुकी है। बड़ी और मंझली बहू अलग रहती हैं। वहीं छोटी बहू, जिसके साथ कथित संबंधों की चर्चा हो रही है, का एक डेढ़ वर्ष का बच्चा भी है। इधरघटना की जानकारी मिलते हीं ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दिया है।

घटनास्थल पर मनकडीहा मुखिया निरंजन कुमार, केशोडीह मुखिया के.के. वर्मा, जिला परिषद सदस्य रामधनी वर्मा, महेंद्र ठाकुर, कैलाश साव, पंचायत समिति सदस्य कामेश्वर मंडल, भीम मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने लाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया है और सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का आरोप है कि महिला की मौत के पीछे लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद और कथित प्रेम प्रसंग एक बड़ी वजह हो सकती है। हालांकि मामले की वास्तविकता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed