बेंगाबाद: अंतिम संस्कार से लौट रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की नाले में डूबकर मौत, सुबह मिला शव
Last Updated on November 22, 2026 by Gopi Krishna Verma
अंधेरे में खेत की मेढ़ से फिसलकर नाले में गिरे कामदेव सिंह, रातभर पानी में रहने से गई जान; घटना से गांव में पसरा मातम

गिरिडीह। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खुरचुट्टा लालपुर गांव में नाले में डूबने से 65 वर्षीय बुजुर्ग कामदेव सिंह की मौत हो गई। शनिवार शाम एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने श्मशान घाट गए कामदेव सिंह घर लौटने के दौरान हादसे का शिकार हो गए।

बताया जाता है कि शाम ढलने के बाद वे गांव के समीप स्थित श्मशान घाट से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरा होने के कारण रास्ते में खेत की मेढ़ पर उनका पैर फिसल गया और वे पास के नाले में जा गिरे। नाले में पानी की गहराई अधिक होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। रातभर पानी में रहने के कारण उनकी मौत हो गई।

उधर, देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन रातभर उनका कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह नाले में उनका शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलने पर बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
