Last Updated on October 5, 2026 by Gopi Krishna Verma
सिक्स लेन पर गैड़ा पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर गिरा चोर; पुलिस ने बाइक सहित हिरासत में लिया, पहचान छिपाने के लिए बार-बार बदल रहा था नाम

गिरिडीह। बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिक्स लेन पर शनिवार की रात बाइक चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। चोरी की बाइक लेकर भाग रहा एक युवक हादसे का शिकार होकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही बगोदर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को चोरी की बाइक के साथ हिरासत में ले लिया।
सीसीटीवी कैमरे से खुली पोल
नवाडीह विष्णुगढ़ निवासी पीड़ित दीपक मंडल के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:20 बजे उन्होंने अपनी बाइक सिक्स लेन स्थित नऊवाडीह मोड़ के पास अपने निर्माणाधीन मकान के बाहर खड़ी की थी। जब वे घर के अंदर गए, उसी दौरान एक युवक बाइक का हैंडल तोड़कर लेकर भागने लगा। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में चोर की यह करतूत कैद हो गई। फुटेज देखते ही दीपक मुस्तैदी दिखाते हुए अपने छोटे भाई की बाइक लेकर आरोपी के पीछे निकल पड़े।
पीछा होते देख घबराया आरोपी, हुई दुर्घटना
दीपक को पीछे आता देख आरोपी घबरा गया। भागने की होड़ में सिक्स लेन स्थित गैड़ा पेट्रोल पंप के पास उसने बाइक पर से अपना नियंत्रण खो दिया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बार-बार बदल रहा था अपना नाम व पता
हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों ने आरोपी से पूछताछ शुरू की, तो वह अपनी पहचान छुपाने की कोशिश करने लगा। वह कभी खुद को डोमचांच, कभी कोडरमा तो कभी झुमरी तिलैया का निवासी बताने लगा और अपना नाम भी लगातार बदलता रहा।
गिरोह के अन्य साथियों की तलाश जारी
पीड़ित दीपक मंडल ने रविवार को बगोदर थाने में लिखित आवेदन देकर पकड़ाए गए आरोपी और उसके अन्य साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि इस वारदात में आरोपी अकेला नहीं था, बल्कि उसके कुछ अन्य साथी भी आगे-पीछे चल रहे थे, जो भीड़ जुटते ही मौके से फरार हो गए। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और फरार साथियों की तलाश जारी है।




