गिरिडीह के एफपीओ को मिलेगा सरकारी योजना का लाभ, आवेदन के लिए जारी हुई पात्रता की शर्तें

0

Last Updated on November 21, 2026 by Gopi Krishna Verma

Grant to FPOs Scheme के तहत पोर्टल से मांगे गए आवेदन, न्यूनतम 100 शेयरधारक किसान और दो लाख रुपये की इक्विटी अनिवार्य

गिरिडीह। जिले के किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) को सरकारी योजना का लाभ दिलाने की दिशा में जिला कृषि कार्यालय ने आवश्यक सूचना जारी की है। जिला कृषि पदाधिकारी, गिरिडीह की ओर से जारी सूचना के अनुसार, Grant to FPOs Scheme के तहत पात्र किसान उत्पादक संगठनों से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए एफपीओ को निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करना अनिवार्य होगा।

जारी सूचना के अनुसार, आवेदन करने वाले एफपीओ का कंपनी अधिनियम 2020 के अध्याय XXI-A के भाग-1 के तहत अथवा झारखंड राज्य के सहकारी समिति अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत होना जरूरी है। संगठन का गठन कृषि एवं संबंधित क्षेत्र में उत्पादन और विपणन की सामूहिक व्यवस्था के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से होना चाहिए।

100 किसान शेयरधारक और दो लाख की इक्विटी जरूरी

योजना का लाभ लेने के लिए एफपीओ में कम से कम 100 किसान शेयरधारक होने चाहिए। साथ ही न्यूनतम दो लाख रुपये की इक्विटी शेयरधारिता अनिवार्य रखी गई है। संगठन के पास शेयरधारकों से प्राप्त इक्विटी या वितरित शेयरों का प्रमाण भी होना चाहिए।

इसके अलावा पिछले तीन वित्तीय वर्षों के दौरान एफपीओ का कुल टर्नओवर न्यूनतम 10 लाख रुपये होना चाहिए। प्रत्येक वित्तीय वर्ष में कम से कम तीन लाख रुपये का टर्नओवर अनिवार्य है। एफपीओ के पास पिछले तीन वर्षों के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) द्वारा ऑडिट किए गए खातों की बैलेंस शीट भी होनी चाहिए।

PAN, TAN, GST और तीन साल का ITR भी अनिवार्य

जारी दिशा-निर्देशों में एफपीओ के लिए PAN, TAN और GST पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। साथ ही पिछले तीन वर्षों का दाखिल आयकर रिटर्न (ITR) होना चाहिए। संगठन में कंपनी की भूमिका में कम से कम पांच पदाधिकारी होने चाहिए। इसके अलावा एफपीओ के पास सक्रिय चालू बैंक खाता होना जरूरी है।

योजना के तहत चयनित होने वाले एफपीओ को झारखंड सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) करने के लिए भी तैयार रहना होगा।

इस पोर्टल पर करना होगा आवेदन

पात्र एफपीओ योजना का लाभ लेने के लिए झारखंड सरकार के पोर्टल https://jhfpo.jharkhand.gov.in/Registration पर आवेदन कर सकते हैं। जिला कृषि पदाधिकारी, गिरिडीह की ओर से जारी इस सूचना का उद्देश्य निर्धारित मानदंडों को पूरा करने वाले किसान उत्पादक संगठनों को योजना से जोड़ना है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed