Last Updated on October 5, 2026 by Gopi Krishna Verma
नवडीहा ओपी क्षेत्र के चिलगा गांव की दर्दनाक घटना, हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम

नवडीहा। नवडीहा ओपी क्षेत्र के चिलगा गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान विकास कुमार के चार वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे गांव निवासी रामदेव वर्मा अपने दोनों पोतों को ट्रैक्टर पर बैठाकर गांव के ही जगदेव महतो की घरबारी की जुताई कर रहे थे। ट्रैक्टर में रोटावेटर लगा हुआ था। इसी दौरान उनका चार वर्षीय बड़ा पोता ट्रैक्टर पर सो गया। कुछ देर बाद वह ट्रैक्टर के पीछे की ओर गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर चला रहे दादा को इसकी जानकारी तत्काल नहीं हो सकी।

कुछ देर बाद छोटा पोता अपने भाई को ट्रैक्टर पर नहीं देखकर रोने लगा। इसके बाद रामदेव वर्मा ने पीछे देखा तो घटना की जानकारी हुई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल का दृश्य देखकर एक महिला के बेहोश होकर गिरने की भी बात सामने आई है।
परिजनों ने बच्चे के शव को घटनास्थल से घर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना पुलिस को तत्काल नहीं दी गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

नोट: पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और घटना की विस्तृत जानकारी मिलने के बाद खबर को अपडेट किया जा सकता है।




