आत्मा गिरिडीह ने रद्द किया पुराना नियुक्ति विज्ञापन, अभ्यर्थियों को लौटाई जाएगी आवेदन फीस

0

Last Updated on November 22, 2026 by Gopi Krishna Verma

30 नवंबर 2026 तक बैंक खाते का विवरण जमा करने का निर्देश

गिरिडीह। कृषि क्षेत्र में रोजगार की उम्मीद लगाए अभ्यर्थियों के लिए कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), गिरिडीह की ओर से महत्वपूर्ण कार्यालय सूचना जारी की गई है। विभाग ने प्रखंड तकनीकी प्रबंधक एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक के अनुबंध आधारित पदों पर नियुक्ति के लिए पूर्व में प्रकाशित विज्ञापन को रद्द कर दिया है। साथ ही इस विज्ञापन के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को जमा किया गया आवेदन शुल्क वापस लेने का अवसर दिया गया है।

कार्यालय सूचना के अनुसार, Submission on Agriculture Extension (SMAE) के तहत राष्ट्रीय कृषि विस्तार एवं प्रौद्योगिकी मिशन (NMAET) योजनांतर्गत प्रखंड तकनीकी प्रबंधक एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक की संविदा आधारित नियुक्ति के लिए 19 नवंबर 2018 को PR संख्या 195469 Agriculture (18-19)-D के माध्यम से विज्ञापन प्रकाशित किया गया था।

इस विज्ञापन के विरुद्ध अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क ड्राफ्ट के माध्यम से परियोजना निदेशक, आत्मा गिरिडीह के नाम से जमा किया था। लेकिन वर्तमान समय में योजना एवं नियमावली में परिवर्तन होने के कारण विभाग ने उक्त विज्ञापन को रद्द करने का निर्णय लिया है।

RTGS के माध्यम से वापस होगी राशि

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने उक्त विज्ञापन के तहत आवेदन शुल्क जमा किया था, वे अपनी राशि RTGS के माध्यम से वापस प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को बैंक का नाम, बचत खाता संख्या, IFSC कोड और खाताधारक का नाम अंकित करते हुए स्व-सत्यापित दस्तावेज जमा करना होगा।

30 नवंबर तक जमा करना होगा बैंक विवरण

अभ्यर्थियों को बैंक खाते से संबंधित स्व-सत्यापित विवरण 30 नवंबर 2026 तक परियोजना निदेशक, आत्मा कार्यालय, गिरिडीह में कार्यालय अवधि के दौरान जमा करना होगा। निर्धारित समय तक आवेदन शुल्क वापस नहीं लेने की स्थिति में यह माना जाएगा कि संबंधित अभ्यर्थी शुल्क वापस लेने के इच्छुक नहीं हैं।

इस संबंध में परियोजना निदेशक, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), गिरिडीह की ओर से कार्यालय सूचना जारी की गई है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed