Last Updated on September 8, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। नगर थाना एक बार फिर विवादों में घिर गया है। 25 वर्षीय लखन साव ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बाइक लेने थाना पहुंचने पर उसके साथ मारपीट की गई। तबीयत बिगड़ने के बाद युवक को देर रात सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि थाना परिसर में CCTV कैमरे लगे होते, तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाती। परिजनों ने अदालत के आदेश के बावजूद थाने में CCTV की व्यवस्था न होने पर आपत्ति जताई और लेन-देन व भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।

इसके साथ ही परिजनों ने पुलिस एसोसिएशन की भूमिका पर सवाल खड़ा करते हुए पूछा कि आरोपी पुलिसकर्मियों के मामले में निष्पक्ष जांच क्यों नहीं होती? परिजनों ने डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा पुलिस के खिलाफ अपनाए गए सख्त रुख का समर्थन करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने आरोपों को बताया गलत
दूसरी ओर, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने मारपीट के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि युवक और उसके साथी शराब के नशे में थे और थाना परिसर में हंगामा कर रहे थे।
फिलहाल मामला आरोपों और पुलिस के इनकार के बीच अटका हुआ है। सच सामने लाने के लिए युवक की मेडिकल रिपोर्ट और मामले की निष्पक्ष जांच को अहम माना जा रहा है।




