Last Updated on September 8, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। कैबिनेट मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से गिरिडीह सहित पूरे झारखंड में शोक की लहर है। उनके निधन पर सिविल सोसाइटी गिरिडीह की ओर से अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला के बाभनटोली स्थित आवास पर शोक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन केवल गिरिडीह के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए एक बड़ी और अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से सामाजिक सरोकार, राजनीति, शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐसा शून्य पैदा हुआ है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।

वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के अपनी कार्यक्षमता, सूक्ष्म दृष्टि और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर बेहद कम समय में राजनीति में अलग पहचान बनाई। सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाया।
सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने कहा कि शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयास तथा गिरिडीह के विकास को लेकर उनकी दूरदर्शी सोच लंबे समय तक याद की जाएगी। उनका व्यक्तित्व और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा में अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, महासचिव शंकर पांडेय, सुनील खंडेलवाल, सुधीर अग्रवाल, लखनलाल, देवराज आनंद, राजेंद्र त्रिपाठी, काशी प्रसाद खंडेलवाल, अरुण कुमार, गौतम सोनी, निशु सिंह, रामदेव विश्वबंधु सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित की।




