डुमरी में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण हटाने एवं नो-इंट्री व्यवस्था लागू करने का निर्णय

0

Last Updated on May 12, 2026 by Gopi Krishna Verma

सुबह आठ से रात्रि आठ बजे तक रहेगी नो एंट्री की व्यवस्था

गिरिडीह। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देशानुसार डुमरी अनुमंडल क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन द्वारा व्यापक पहल की गई। इसी क्रम में अनुमण्डल पदाधिकारी संतोष गुप्ता की अध्यक्षता में अनुमण्डल सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, डुमरी, पुलिस निरीक्षक, डुमरी, थाना प्रभारी, डुमरी, थाना प्रभारी निमियांघाट सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यवसायी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।बैठक में दिनांक 08.05.2026 को घटित सड़क दुर्घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु विभिन्न सुरक्षात्मक उपायों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही इसे प्रभावी बनाया जा सकता है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि डुमरी क्षेत्र में “नो-इंट्री” व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा ताकि भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन पर रोक लगाई जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही, सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो जाती है, जिससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। निर्णय के आलोक में प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए डुमरी स्थित वनांचल चौक से सड़क किनारे लगाए गए सब्जी दुकानों एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू हुई तथा आम नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं व्यवसायियों ने प्रशासन के निर्णयों का समर्थन करते हुए सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने आम नागरिकों से भी अपील किया कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सड़क पर अतिक्रमण न करें तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि जनहित एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *