रांची में गिरिडीह के स्टॉल पर उमड़ी भीड़, जूट उत्पादों से लेकर खंडोली डैम तक की दिखी झलक

0

Last Updated on November 28, 2026 by Gopi Krishna Verma

गांडेय की महिलाओं के हाथों से तैयार जूट बैग बने आकर्षण का केंद्र, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन विरासत को मिल रही नई पहचान

गिरिडीह। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत रांची के खेलगांव स्थित हॉल-बी में आयोजित प्रदर्शनी में गिरिडीह जिले का स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां जिले के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प, महिला उद्यमिता और पर्यटन स्थलों की झलक देखने को मिल रही है। स्टॉल पर पहुंच रहे आगंतुक न केवल उत्पादों की जानकारी ले रहे हैं, बल्कि उनकी खरीदारी में भी रुचि दिखा रहे हैं।

स्टॉल पर गांडेय दस्तकार की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए आकर्षक जूट बैग विशेष रूप से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इन बैगों पर भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर और गिरिडीह के प्रमुख पर्यटन स्थलों की आकर्षक छवियां उकेरी गई हैं। पर्यावरण के अनुकूल इन जूट उत्पादों के माध्यम से प्लास्टिक के विकल्प को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय महिलाओं की कारीगरी और स्वरोजगार को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।

वहीं, गिरिडीह में उत्पादित मकई का आटा और अन्य स्थानीय उत्पाद भी प्रदर्शनी में रखे गए हैं। इनके अलावा जिले में उत्पादित सरिया को लेकर भी आगंतुकों में उत्सुकता देखी जा रही है। स्टॉल के माध्यम से गिरिडीह की औद्योगिक पहचान और स्थानीय उत्पादों की विशेषताओं से लोगों को अवगत कराया जा रहा है।

एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जा रही खंडोली की खूबसूरती

प्रदर्शनी में लगी एलईडी स्क्रीन पर ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन’ पहल के तहत खंडोली डैम पर आधारित वीडियो फिल्म दिखाई जा रही है। इसमें खंडोली की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पर्यटन की संभावनाओं को दर्शाया गया है। वीडियो के जरिए राज्य के अन्य जिलों से पहुंचे लोगों को गिरिडीह की पर्यटन विरासत से परिचित कराया जा रहा है।

इस प्रदर्शनी का उद्देश्य जिले के स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के साथ गिरिडीह की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को राज्य स्तर पर मजबूत करना है।

स्टॉल के सफल संचालन और समन्वय में जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, डीपीएम (जेएसएलपीएस) जेवियर इक्का, जिला खेल समन्वयक अमन कुमार, गांडेय दस्तकार के संचालनकर्ता एवं परियोजना प्रबंधक शशांक शेखर, पूजा कुमारी तथा महिला कारीगर आशा कुमारी और ललिता देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक के प्रतिनिधि भी मौके पर उपस्थित रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *