खंडोली डैम के पास पुलिस की छापेमारी: APK फाइल भेजकर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधी गिरफ्तार, चार मोबाइल व पांच सिम बरामद

0

Last Updated on November 28, 2026 by Gopi Krishna Verma

फर्जी नंबरों से कॉल कर लोगों को झांसे में लेते थे आरोपी, बैंक खातों से उड़ाए गए पैसों से करते थे ऑनलाइन शॉपिंग

गिरिडीह। जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज है। इसी कड़ी में शनिवार (28 नवंबर) को गिरिडीह पुलिस ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली डैम के पास छापेमारी कर साइबर ठगी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर गठित हुई छापेमारी टीम

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (एसपी) गिरिडीह को गुप्त सूचना मिली थी कि खंडोली डैम की ओर जाने वाले रास्ते पर दो युवक बैठकर साइबर अपराध को अंजाम देने के उद्देश्य से लोगों को फोन कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने साइबर थाना प्रभारी पु०नि० रामेश्वर भगत के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खंडोली डैम के पास दबिश दी और दोनों युवकों को मौके से दबोच लिया।

APK फाइल के जरिए लगाते थे चूना

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि वे फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर भोले-भाले लोगों को फोन करते थे और उन्हें विभिन्न प्रलोभनों व झांसे में लेकर APK फाइल भेजते थे। इसके माध्यम से पीड़ितों के बैंक खातों से अवैध रूप से पैसे निकालकर ऑनलाइन खरीदारी करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और दर्ज मामला

गिरफ्तार युवकों की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के साठीबाद गांव निवासी सोनू मंडल (21 वर्ष), पिता नकुल मंडल तथा सौरव कुमार मंडल (19 वर्ष), पिता नकुल मंडल के रूप में की गई है। इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 33/2026, दिनांक 28 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में ये थे शामिल

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी पु०नि० रामेश्वर भगत के अलावा पु०अ०नि० गुंजन कुमार, पु०अ०नि० मुकेश कुमार पंडित एवं स०अ०नि० गजेन्द्र कुमार शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *